Monday 11 December 2023

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शहर में युद्धस्तर पर चल रहा सफाई अभियान : राजीव जेटली


                           भाजपा नेता ने किया खत्ते की जगह पर हो रहे सौंदर्यीकरण के कार्य का जायजा 

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शहर को कूड़ामुक्त किए जाने के निर्देशों के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तत्परता से शहर को सुंदर बनाने में जुट गया है। इसी कड़ी में वूमेन दयानंद कालेज के सामने और पांच नंबर चौराहे के समीप बने कूड़े के खत्ते को हटाकर उस जगह का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यहां भव्य प्रकार की लाईटिंग की जाएगी और घास आदि लगाकर इसकी ग्रिलिंग कर इसे सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जेटली ने इस जगह का दौरा करके यहां हो रहे सौंदर्यकरण के कार्य के बारे में जानकारी ली। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजीव जेटली ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेश के बाद नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी शहर की साफ-सफाई में जुट गए है। अब तक शहर से 50-60 खत्तों को समाप्त करके यहां गिरने वाले कूड़े के लिए स्थाई जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशों को नगर निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने एक चैलेंज के रूप में स्वीकारा और खत्तों वाली जगहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है ताकि कूड़े डालने वाली जगह को अच्छे कार्य के रूप में प्रयोग किया जा सके। श्री जेटली ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पष्ट किया है कि उन्हें कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं दिखने चाहिए और नगर निगम अधिकारी शहर से कूड़े का उठान युद्धस्तर पर करवा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब एक जिले के लिए इतनी गंभीरता दिखा रहे है तो उनके पास पूरे प्रदेश के लिए विजन है, वह खुद जिले में साफ सफाई की रिपोर्ट ले रहे है और उस पर कार्य कर रहे है। राजीव जेटली ने कहा कि आने वाले दिनों यह शहर पूरी तरह सुंदर और नए स्वरूप में नजर आएगा क्योंकि निगमायुक्त भी इस कार्य में पूरी तत्परता से जुट हुई है और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दे रही है।

Share This News

0 comments: