Showing posts with label political. Show all posts
Showing posts with label political. Show all posts

Friday, 27 February 2026

 संतुलित विकास और जवाबदेह शासन की प्रतिबद्धता सदन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का तथ्यपूर्ण उत्तर

संतुलित विकास और जवाबदेह शासन की प्रतिबद्धता सदन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का तथ्यपूर्ण उत्तर

पृथला उप मंडल प्रस्ताव पर जनगणना के बाद होगा निर्णय प्राकृतिक आपदा मुआवजा वितरण में तेजी और एमसीएफ कार्यालय हेतु नई निविदा प्रक्रिया शुरू



हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विभिन्न जनहित विषयों पर सदन में सरकार का पक्ष विस्तारपूर्वक और तथ्यात्मक रूप से रखा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह नायब सैनी की सरकार है जो सबका साथ सबका विकास के मंत्र के साथ प्रदेश को आगे बढ़ा रही है और हर निर्णय जनहित को केंद्र में रखकर लिया जा रहा है।

पृथला विधायक रघुवीर तेवतिया द्वारा पृथला गांव को उप मंडल बनाए जाने संबंधी प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्तमान में इस विषय पर कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है। 30 सितंबर 2025 को इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ था। जिन चार गांवों का उल्लेख किया गया है उनमें से किसी को भी उप मंडल बनाने की कोई योजना फिलहाल प्रस्तावित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय जनगणना की प्रक्रिया संचालित हो रही है जो आगामी दो वर्षों में पूर्ण होगी। जनगणना के आंकड़ों और प्रशासनिक औचित्य के आधार पर यदि आवश्यकता महसूस की गई तो सरकार इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं करती बल्कि ठोस आंकड़ों और संतुलित विकास की नीति के आधार पर निर्णय लेती है।

मंत्री ने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सवा वर्ष के भीतर आधारभूत संरचना सड़क नेटवर्क शहरी सुविधाओं और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। यह प्रगति हरियाणा को नई दिशा देने वाली सिद्ध हो रही है। सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना है ताकि नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल सके।

प्राकृतिक आपदा से जुड़े कांग्रेस विधायक के प्रश्न पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे मामले की पुनः जांच कराई गई है। जिन पात्र नागरिकों को तकनीकी कारणों या बैंक खातों से जुड़ी समस्याओं के चलते मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो पाई है उनके समाधान के लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पिछले सप्ताह सभी संबंधित पटवारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभावित व्यक्तियों तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचें और लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करें। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति राहत से वंचित न रहे और सहायता राशि पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे।

वल्लभगढ़ क्षेत्र में एमसीएफ कार्यालय से जुड़े प्रश्न पर मंत्री ने बताया कि यह प्रस्ताव हाई पावर परचेज कमेटी के समक्ष आया था। निविदा दर अपेक्षाकृत अधिक पाए जाने और अनुबंध की शर्तें उपयुक्त न होने के कारण प्रस्ताव को पुनः निविदा प्रक्रिया के लिए वापस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं करती। जनधन की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। नई निविदा के माध्यम से कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

अपने संबोधन में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह सरकार संवेदनशील भी है और निर्णायक भी। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित करता रहेगा तथा नागरिकों के जीवन स्तर में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित करेगा।

Saturday, 7 February 2026

250 करोड़ की योजना से एनआईटी विधान सभा में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जाएगी सुनिश्चित: कृष्ण पाल गुर्जर

250 करोड़ की योजना से एनआईटी विधान सभा में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की जाएगी सुनिश्चित: कृष्ण पाल गुर्जर


*केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने एनआईटी विधानसभा के विभिन्न वार्डों में किया लगभग 13 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास*

*- 2700 करोड़ की लागत से होने वाले हाई टेंशन तारों को भूमिगत करने के कार्य की शुरुआत एनआईटी विधानसभा से होगी: केंद्रीय राज्यमंत्री*

*फरीदाबाद, 07 फरवरी 2026* फरीदाबाद के एनआईटी-86 विधानसभा क्षेत्र की डबुआ सब्जी मंडी में तथा जवाहर कॉलोनी में आज शनिवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने वार्ड नंबर 6,7, 9 एवं 10 में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस विकास कार्यों में डबुआ कॉलोनी की सब्जी मंडी में नवनिर्मित शेड का निर्माण का उद्घाटन, डबुआ अनाज मंडी में शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास, FCI गोदाम शेड रोड से डबुआ कॉलोनी सड़क के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास कार्य, जनता कॉलोनी रोड से डबुआ मंडी सड़क के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास कार्य, डबुआ मंडी की पार्किंग, चारदीवारी एवं जल निकासी सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास तथा वार्ड नंबर 6,7 और 9 में सड़क निर्माण, सीवर एवं जल निकासी सुधारीकरण आदि विकास कार्य शामिल रहे, जिनपर लगभग 13 करोड़ रुपए धनराशि का खर्च आएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इस दिशा में यह सभी विकास कार्य एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर फरीदाबाद के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद को बिजली की तारों के जाल से मुक्ति दिलाने के लिए 2700 करोड़ रुपये की लागत से सभी हाई टेंशन तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य एनआईटी विधानसभा से ही शुरू किया जाएगा। इससे न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि बिजली के खंभे हटने से सड़कों और कॉलोनी की गलियों का चौड़ीकरण भी संभव हो सकेगा। साथ ही, पेड़ों की अकारण छंटाई नहीं करनी पड़ेगी, जिससे हरित क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में सड़कों और हाईवे कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। इसी के साथ ही आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के तहत जल्द ही बल्लभगढ़ से पलवल तक रैपिड मेट्रो का कार्य भी इसी वर्ष के अंत में शुरू कार्य दिया जाएगा जिसके माध्यम से दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जेवर हवाई अड्डे से जोड़ा जाएगा। 

केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि एनआईटी क्षेत्र ऐसा क्षेत्र हैं जहाँ पीने के मीठे पानी की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चुनौतियाँ बनी हुई हैं। इस गंभीर समस्या का संज्ञान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी ने स्वयं लिया है और इस क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये के विशेष बजट को स्वीकृति दी है। जिसका कार्य जारी है और जल्द ही संपूर्ण एनआईटी विधानसभा की जनता को यमुना से सीधी पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा।
 
श्री गुर्जर ने बताया कि इस बजट के माध्यम से नई पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी, पुराने जल स्रोतों का नवीनीकरण किया जाएगा और आधुनिक तकनीकों की मदद से जल वितरण व्यवस्था को प्रभावशाली बनाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक एनआईटी क्षेत्र में जल संकट की समस्या समाप्त कर दी जाएगी।

एनआईटी-86 के विधायक सतीश फागना ने भी कार्यक्रम में उपस्थित जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार और नगर निगम की ट्रिपल इंजन सरकार फरीदाबाद के चौतरफा विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले 2 सालों में एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में कोई भी गली या सड़क ऐसी नहीं होगी जो पक्की न बनी हो या जिसमें सीवर या पेयजल पाइपलाइन न बिछी हुई हो।

विधायक ने कहा कि पहले जहां बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता था, इस बार के मानसून में वह जल्दी निकल गया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर निगम पार्षद गायत्री देवी, निगम पार्षद जयवीर खटाना, निगम पार्षद संगीता भाटिया, निगम पार्षद भगवान सिंह, निगम पार्षद संदीप भड़ाना, जवाहर कॉलोनी मार्केट एसोसिएशन के प्रधान नीरज भाटिया सहित अधिकारीगण, अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Saturday, 14 June 2025

अब कचरे से हरित कोयले के उत्पादन की योजना भी धरातल पर तेजी से उतरेगी: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल

अब कचरे से हरित कोयले के उत्पादन की योजना भी धरातल पर तेजी से उतरेगी: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल

 

हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने वाराणसी में एनटीपीसी के हरित कोयला परियोजना प्लांट का विभाग के अधिकारियों के साथ किया दौरा।





वाराणसी/गुरुग्राम/फरीदाबाद, 15 जून: हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, और नागरिक उड्डयन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने शनिवार को वाराणसी स्थित एनटीपीसी के हरित कोयला परियोजना (Green Coal Project) प्लांट का दौरा किया।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में गुरुग्राम एवं फरीदाबाद में हरित कोयला संयंत्रों की स्थापना के लिए एनटीपीसी के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) केंद्रीय विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल जी की उपस्थिति में पर20July 2024 को  हस्ताक्षर किए थे  और व इस दौरे से इस परियोजना के क्रियान्वयन प्रक्रिया  को गति मिलेगी ।

इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री विकास गुप्ता (IAS), श्री धीरेंद्र (IAS) आयुक्त फरीदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन , संयुक्त सचिव श्री कंवर सिंह (HCS), तथा ओएसडी श्री सौरभ ढल सहित अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम मौजूद रही। टीम ने वाराणसी के ग्रीन कोल प्लांट की तकनीकी दक्षता, संचालन प्रक्रिया और पर्यावरणीय प्रभाव का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान यह समझा गया कि किस प्रकार बिना किसी पर्यावरणीय क्षति के ठोस कचरे से कोयले का उत्पादन संभव है।


फरीदाबाद और गुरुग्राम में लगेंगे अत्याधुनिक संयंत्र

कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने जानकारी दी कि हरियाणा में फरीदाबाद और गुरुग्राम को प्राथमिकता के आधार पर इस परियोजना से जोड़ा जाएगा। बीते वर्ष ही एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड के साथ ग्रीन कोल प्लांट लगाने की सहमति बनी थी और प्रारंभिक सर्वेक्षण भी पूरे किए गए थे।

फरीदाबाद प्रतिदिन लगभग 600–700 टन और गुरुग्राम लगभग 1000–1200 टन ठोस शहरी कचरा उत्पन्न करते हैं। प्रस्तावित संयंत्रों के माध्यम से दोनों शहरों में प्रतिदिन 400–500 टन हरित कोयले का उत्पादन किया जा सकेगा। यह हरित कोयला परंपरागत कोयले का वैकल्पिक स्रोत बनेगा जिससे ऊर्जा उत्पादन में नवाचार, कार्बन उत्सर्जन में कमी, और स्वच्छता में क्रांतिकारी परिवर्तन संभव होगा।

फरीदाबाद में कुछ स्थानीय आपत्तियों के चलते कार्य में अस्थायी विलंब हुआ, जबकि गुरुग्राम में तकनीकी कारणों से सर्वेक्षण रुका था। हालांकि गुरुग्राम में स्थानीय स्तर पर कोई विरोध दर्ज नहीं हुआ था। इन सभी अवरोधों को दूर करने और जनसमर्थन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंत्री गोयल ने वाराणसी के सफल मॉडल का गहन अध्ययन किया।




क्या है हरित कोयला परियोजना?

एनटीपीसी का यह ग्रीन कोल प्लांट एक आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक पर आधारित संयंत्र है, जिसमें ठोस शहरी कचरे का प्रोसेसिंग कर उससे ईंधन योग्य कोयला तैयार किया जाता है। वाराणसी में संचालित संयंत्र प्रतिदिन 600 टन कचरे से 200 टन ग्रीन कोल का उत्पादन कर रहा है।

यह तकनीक न केवल कचरे के पहाड़ों को कम करेगी बल्कि उस कोयले का उपयोग बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में भी किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त यह शहरी भूमि को कचरा मुक्त कर विकास कार्यों हेतु पुनः उपयोग के योग्य बनाएगी।



एमओयू के साथ आगे बढ़ेगा हरियाणा

कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने बताया कि एनटीपीसी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और अब प्रशासनिक स्तर पर फरीदाबाद व गुरुग्राम में परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अब कचरे से हरित कोयला उत्पादन की योजना भी धरातल पर उतरेगी और हरियाणा कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय उदाहरण बनेगा।"



पर्यावरण संरक्षण की दीर्घकालिक दृष्टि

श्री विपुल गोयल का पर्यावरण के प्रति जुड़ाव कोई नया नहीं है। वे वर्षों से प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता जैसे अभियानों में अग्रणी भूमिका निभा चुके हैं। इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण सेवा सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।

अब जब वे शहरी विकास जैसे रणनीतिक विभागों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो उन्होंने नीति निर्माण से लेकर क्रियान्वयन तक पर्यावरणीय दृष्टिकोण को केंद्र में रखा है। वाराणसी दौरा और एनटीपीसी के साथ समझौता इस सोच का सशक्त प्रमाण है।



स्वच्छ शहर – समृद्ध हरियाणा की दिशा में ऐतिहासिक पहल

इस परियोजना से फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे घनी आबादी वाले शहर न केवल कचरा-मुक्त और ऊर्जा सक्षम बनेंगे, बल्कि यह पहल पर्यावरणीय स्थिरता, रोज़गार सृजन, और तकनीकी नवाचार के नए अवसर भी लाएगी।

कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने विश्वास जताया कि यह परियोजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 'स्वच्छ भारत – स्वच्छ ऊर्जा' के विज़न को साकार करने की दिशा में हरियाणा द्वारा उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

Sunday, 4 May 2025

सेक्टर-16 को मिली नई सौगात, पार्क में सौंदर्यकरण व नव निर्माण कार्यों का हुआ शिलान्यास : अमन गोयल

सेक्टर-16 को मिली नई सौगात, पार्क में सौंदर्यकरण व नव निर्माण कार्यों का हुआ शिलान्यास : अमन गोयल




अमन गोयल बोले - कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल जी के नेतृत्व में ‘उत्कृष्ट फरीदाबाद’ का हो रहा निर्माण।


फरीदाबाद, 4 मई:
फरीदाबाद में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ अब शहर की खूबसूरती और जन-सुविधा केंद्रों को भी नए रूप में सजाया जा रहा है। इसी दिशा में आज सेक्टर-16 के पार्क में नव निर्माण एवं सौंदर्यकरण कार्यों का शुभारंभ हुआ। भाजपा नेता अमन गोयल ने इस कार्य का शिलान्यास करते हुए बताया कि ₹10 लाख की लागत से पार्क में धौलपुर स्टोन लगाया जाएगा और पार्क को नई साज-सज्जा दी जाएगी।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की मौजूदगी रही, जिन्होंने इस पहल को बेहद सराहा।

अमन गोयल ने कहा, "यह सिर्फ एक पार्क नहीं, लोगों की दिनचर्या, उनके सुकून और स्वास्थ्य से जुड़ा केंद्र है। हमारा प्रयास है कि हर मोहल्ला, हर गली, हर सार्वजनिक स्थान न केवल व्यवस्थित हो, बल्कि ऐसा हो जहां लोग आनंद से समय बिता सकें। आदरणीय कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल जी के नेतृत्व में फरीदाबाद को एक उत्कृष्ट, स्वच्छ और सुसज्जित शहर बनाने की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे बताया कि पार्क के सौंदर्यकरण से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा। पार्क में अब एक साफ-सुथरा और मजबूत फर्श होगा, जिससे बरसात या गर्मियों में आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही, सौंदर्यकरण के ज़रिए पार्क को देखने में भी एक नया आकर्षण मिलेगा।

इस मौके पर वार्ड पार्षद कुलदीप सिंह साहनी, अजरौंदा मंडल अध्यक्ष शुभांकित गुप्ता, रेनू मलिक, एल.पी. सिंह, राजीव अरोड़ा, नीरज मित्तल, सुशील बयाना, RWA प्रेसिडेंट संजय निझावन और एस.पी. मेहता समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सरकार और भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह वही काम हैं जो आम आदमी की ज़िंदगी को सीधे प्रभावित करते हैं। यह देख कर अच्छा लगता है कि नेता सिर्फ वादे नहीं कर रहे, ज़मीन पर काम भी कर रहे हैं।”

इस अवसर पर अमन गोयल ने कहा कि फरीदाबाद में हो रहे ऐसे काम इस बात की गवाही हैं कि शहर की तस्वीर धीरे-धीरे नहीं, बल्कि तेज़ी से बदल रही है—विकास की एक नई परिभाषा गढ़ी जा रही है, जहां नागरिकों की सुविधा और सम्मान दोनों को प्राथमिकता दी जा रही है।