Wednesday 19 July 2017

नौकरियों में सिफारिश खत्म करना सरकार की बड़ी उपलब्धि : बनवारी लाल


 गोहाना सोनीपत 19 जुलाई(National24news) प्रदेश के जनस्वास्थ्य राज्य मंत्री बनवारी लाल ने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। भ्रष्टाचार को खत्म कर समान विकास के साथ सत्ता में आई सरकार ने अपने वायदे को पूरी तरह से निभाया है। पुलिस की भर्ती में पहली बार बगैर सिफारिश के गरीब के बच्चे को भी नौकरी मिली है। एचसीएस की भर्ती में इंटरव्यू के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर यह साबित कर दिया है कि आज हरियाणा में नौकरियों के लिए सिफारिश नहीं बल्कि योग्यता ही प्रमुख पैमाना है। श्री बनवारी लाल बुधवार को गांव ककाना और रतनगढ़ में लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बने जलघरों का उद्घाटन करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 

    जनस्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि अध्यापक हमेशा तबादलों के लिए परेशान रहते थे और जो तबादले होते थे उनमें भी भ्रष्टाचार की बू आती थी। वर्तमान भाजपा सरकार ने आते ही इन सभी तबादलों को आनलाइन किया और एक ही क्लिक से हजारों अध्यापकों को मनचाहे स्थानों पर नियुक्ति मिल गई। उन्होंने कहा कि जब तीन साल पहले केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश की जनता ने बनाई तो उससे पहले वह 12 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और उसके बाद पूरे देश का भ्रमण किया। वहां लोगों के बीच जाकर अपनी शाख बनाई और देश की जनता ने भी उन पर विश्वास जताया। इसके बाद प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार बनाई गई। 

    उन्होंने कहा कि इन सरकारों ने प्रत्येक क्षेत्र में बदलाव की पहल की। अंत्योदय की भावना पर काम करते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और ऐसी ही सभी स्कीमों को डीपीटी के साथ जोड़कर भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म किया। जो पैसा पहले भ्रष्टाचार में लोगों की जेब में जाता था वह अब देश के विकास में खर्च हो रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जो भी योजना बनती है वह आम जनता के हित को ध्यान में रखकर बनाई जाती है। ऐसे में सभी लोग इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने इस अवसर पर भठगांव माल्याण गांव में जलघर में एक अतिरिक्त टैंक के निर्माण के आदेश भी अधिकारियों को दिए। 

    हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा ने कार्यक्रमों में जनस्वास्थ्य मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज प्रदेश विकास की तरफ बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में सभी हलकों में समान विकास हो रहा है। जिन हलकों में भाजपा के विधायक नहीं भी हैं वहां पर भी विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकेले गोहाना हलके में ही करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं विभिन्न गांवों में चल रही हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि वह समस्याएं और समाधान तुरंत होगा। विकास के कार्यों की जरूरत बताएं उनके लिए तुरंत कदम उठाए जाएंगे। 

    इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डा. धर्मवीर नांदल, हरियाणा महिला आयोग की चेयरमैन सुमन आर्या, मंडल अध्यक्ष बलजीत मलिक, मार्केट कमेटी चेयरमैन नत्था सिंह, जयसिंह ठेकेदार, परमजीत सैनी, योगेश अलमादी, आजाद नेहरा, हुकम सिंह जोगी, गुलशन ठेकेदार सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।   
Share This News

0 comments: