Saturday 4 May 2024

भाजपा उम्मीदवार मोहनलाल बडोली के पक्ष में विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर खूब साधा निशाना


मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त, मजबूत हुआ : नायब सैनी


मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- युवराज रायबरेली से भी चुनाव हारेंगे

हरियाणा की सभी लोकसभा सीट जीतकर फिर से इतिहास बनाएंगे : मुख्यमंत्री

खरखोदा (सोनीपत), 4 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि कांग्रेस के राज में उग्रवाद बढ़ने का सबसे बड़ा कारण यह था कि उस शासन में हमारी सेना को आतंकवादियों पर गोली चलाने की छूट नहीं थी। श्री सैनी ने कहा कि अगर कोई सैनिक गोली चलाता था तो उसे हिसाब देना पड़ता था और अगर हिसाब नहीं दे पता था तो उसका कोर्ट मार्शल किया जाता था,  लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों को पूरी छूट दे रखी है, जिसका परिणाम है कि आज सीमा पार से कोई आतंकवादी भारत में घुसने की कोशिश नहीं कर सकता।  
नायब सिंह सैनी शनिवार को यहां सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मोहनलाल बडोली के पक्ष में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।  उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है। देश सशक्त और मजबूत होकर एक नया भारत बना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलकर लोगों को बहकाने का काम करेंगे और हमारे कार्यकर्ताओं को न केवल उनके झूठ से बचना है बल्कि दूसरे लोगों को भी बचाना है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते थे, वहां से हारे तो वह भाग कर वायनाड पहुंचे और अब जब उन्हें लगा कि वायनाड सुरक्षित नहीं है तो वह भाग कर रायबरेली पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने कहा की धारा 370 के माध्यम से देश में तीन परिवारों की राजनीति चलती थी लेकिन नरेंद्र मोदी ने   धारा 370 को खत्म करके इन तीन परिवारों की राजनीति पूरी तरह से खत्म कर दी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एक झटके में गरीबी समाप्त करने का दावा करने पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास ऐसा कौन सा अलादीन का चिराग है जिसके माध्यम से वह एक झटके में देश से गरीबी समाप्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि देश से गरीबी को खत्म करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबरदस्त तरीके से काम किया है। 4 करोड़ मकान बना कर दिए। 11 करोड़ महिलाओं को उज्जवला स्कीम के अंतर्गत रसोई गैस के कनेक्शन दिए। हर घर में नल से स्वच्छ जल देना सुनिश्चित किया। 81 करोड़ परिवारों को मुफ्त राशन देने का काम कर रहे हैं।   केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम है कि 25 करोड लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में केवल घोटाले होते थे, लेकिन वर्तमान में देश को मजबूत सरकार मिली है जिसने सड़क कनेक्टिविटी के माध्यम से पूरे देश में हर जिले को फोरलेन और नेशनल हाईवे से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि खरखोदा से दिल्ली जाने में पहले 4 घंटे लगते थे लेकिन आज 25 मिनट में दिल्ली पहुंच जाते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ का खुलासा करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राजस्थान में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा कर उनका वोट तो हासिल कर लिया। उसके सहारे 5 साल सरकार भी चलाई लेकिन किसी भी एक व्यक्ति का एक भी रुपया माफ नहीं किया जिसका परिणाम यह निकला कि 16000 से ज्यादा किसानों की जमीन कुर्क हो गई और 4500 से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर जगह एक ही बात की चर्चा है कि 10 साल में नरेंद्र मोदी ने बहुत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज झूठ बोलकर लोगों का वोट हासिल करना चाहती है। कांग्रेस ने महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश का बजट 46 लाख करोड़ रुपये का है और कांग्रेस की इसी घोषणा पर 50 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि वह अपनी इस घोषणा को कैसे पूरा करेगी? मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने पिछले 60 साल का भी हिसाब देना चाहिए कि उसने इस दौरान कितनी घोषणाएं की और उनमें से कितनी घोषणाएं पूरी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए जितना काम नरेंद्र मोदी ने किया है पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया। पहले देश में एक एम्स था। अटल जी ने इनकी संख्या चार की और आज नरेंद्र मोदी के शासनकाल में इनकी संख्या करीब दो दर्जन हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हर योजना का विरोध किया और यहां तक कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का भी विरोध किया, जबकि सरकार ने किसानों को हर साल 6000 रुपए देने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर गरजते हुए कहा कि कांग्रेस इस देश को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ों और दलितों को एक वोट बैंक के रूप में माना है और उनका शोषण किया है। अब कर्नाटक में असंवैधानिक रूप से कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम किया है, जिसे भाजपा किसी भी सूरत में सहन करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग और दलितों को इस बात को समझना होगा कि कौन उनका शोषण करने वाला है और कौन उनकी रक्षा करने वाला है।

खबर में बॉक्स
आज पूरा देश अबकी बार 400 पार का नारा लगा रहा :मोहनलाल बडोली

सोनीपत लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार मोहनलाल बडोली ने कहा कि लोगों को भाजपा के विकास कार्यों पर इतना विश्वास है कि वह अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह सभी जगह नहीं जा सकते हैं। समय कम है और इलाका बड़ा है, लेकिन आप लोगों को मोहनलाल बडोली बनकर हर घर तक पहुंचना है और लोगों से वोट की अपील करनी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कमल का फूल खिलने जा रहा है।
मोहनलाल बडोली ने कहा कि भाजपा के राज में विकास के कार्य पूरी गति से हो रहे हैं और इसीलिए आज पूरा देश अबकी बार 400 पार का नारा लगा रहा है। उन्होंने विरोधी दलों की नीयत पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि यह जातिवाद की बात करते हैं और लोगों को बांटने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी लोगों को अपने झांसे में लेने का काम करेंगे लेकिन लोगों को उनके बहकावे में नहीं आना है। यह चुनाव देश के निर्माण और देश को विश्व गुरु बनाने का चुनाव है।

खबर में बॉक्स
केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के नाम पर भाजपा को वोट देंः धनखड़
 
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने किसानों के मसीहा सर छोटू राम का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सांपला में आए और छोटू राम की प्रतिमा लोगों को समर्पित की। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि  देश को आजादी के 75 साल बाद राम मंदिर मिल पाया। उन्होंने कहा की धारा 370 खत्म करने का काम कोई और नहीं कर सकता था। नरेन्द्र मोदी ने यह करके दिखाया। उन्होंने दिल्ली में बने वॉर मेमोरियल का जिक्र करते हुए कहा कि आज इस वॉर मेमोरियल में देश के हर शहीद का नाम लिखा हुआ है और यह पहली सरकार है जिसने देश के शहीदों को सम्मान देने का काम किया है। ओमप्रकाश धनखड़ ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के नाम पर जनता से वोट की अपील की। साथ ही कहा कि कांग्रेसी कभी भारत माता की जय नहीं बोलते और इस जय की मदद के लिए भी देश के लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट करना चाहिए।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक निर्मल चौधरी, कविता जैन, कृष्णा गहलावत, उमेश शर्मा, ललित बत्रा, धर्मपाल मलिक, जवाहर सैनी, जगबीर, ओम प्रकाश शास्त्री, बबीता दहिया, वीरेंद्र शांडिल्य, देवेंद्र कौशिक भी मौजूद थे।
Share This News

0 comments: