Tuesday, 28 April 2020

शेल्टर होम में रहने वाले श्रमिकों के लिए स्किल डेवल्पमेंट वर्कशॉप का आयोजन


गन्नौर (सोनीपत),  28 अप्रैल।  एसडीएम स्वप्निल रविंद्र पाटिल के निर्देशानुसार सीसीएएस जैन गल्र्स कालेज में स्थापित शेल्टर होम में रहने वाले श्रमिकों के लिए मंगलवार को स्किल डेवल्पमेंट वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। वर्कशॉप के आयोजक तहसीलदार रविंद्र हुड्डा ने कहा कि वर्कशॉप के माध्यम से श्रमिकों को स्व-रोजगार स्थापना की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

तहसीलदार रविंद्र हुड्डा ने बताया कि शेल्टर होम में बहुत से श्रमिक ऐसे हैं जो फैक्ट्रियों में काम करते हैं। ऐसे श्रमिकों की कार्यक्षमता को विकसित करने व दक्षता बढ़ाने में यह कार्यशाला  कारगर साबित होगी। श्रमिकों ने कार्यशाला का पूरा लाभ उठाया है। श्रमिकों ने रूचिपूर्वक अपने व्यवसाय से संबंधित सवाल भी किये।  साथ ही उन्होंने खुद का रोजगार स्थापित करने के संदर्भ में भी विस्तार से जानकारी ली।

इस दौरान आईटीआई के ग्रुप अनुदेशक रामबीर सरोहा व मैकेनिकल विभाग के इंस्ट्रकटर सुमित पुनिया ने श्रमिकों को लाभकारी जानकारी दी। उन्होंने अपने विभागों से संबंधित जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने श्रमिकों को तकनीकी शिक्षा की जानकारी दी। श्रमिकों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने बच्चों को तकनीकी शिक्षा दिलायें।

अनुदेशकों ने श्रमिकों को राष्ट्रसेवा का भी संदेश दिया। साथ ही उन्होंने कोविड-19 कोरोना वायरस के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक महामारी से बचने के लिए लोगों को घरों में रहना चाहिए। इसलिए शेल्टर होम स्थापित किये गये ताकि प्रवासियों के ठहरने की उचित व्यवस्था की जा सके। साथ ही उन्होंने श्रमिकों को सफाई के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सफाई बेहद आवश्यक है। लोगों को दिन में बार-बार साबुन से हाथ धोने चाहिए। मास्क व सैनेटाईजर का विशेष रूप से प्रयोग करना चाहिए।
Share This News

0 comments: