Monday 20 August 2018

हरियाणा में दो स्थानों पर होगा पूर्व प्रधानमंत्री का अस्थि विसर्जन


चंडीगढ़, 20 अगस्त- भारतीय जनता पार्टी के शिखर पुरूष एवं देशवासियों के दिलों में विशेष स्थान रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों का विसर्जन हरियाणा में दो स्थानों पर होगा। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला 22 अगस्त को बहादुरगढ़ से अस्थि कलश ग्रहण करेंगे और अगले दिनएक अस्थि कलश यात्रा यमुनानगर में हथिनीकुंड तथा दूसरी यात्रा पेहोवा में पहुंचेंगी। इस दौरान जगह-जगह पर आमजन एवं सामाजिक-धार्मिक संगठन देश के महान सपूत के प्रति अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।.

यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा हरियाणा में दो अलग-अलग मार्गों से होते हुए पवित्र तर्पण स्थान कैथल के पेहोवा एवं यमुनानगर के हथिनीकुंड में पहुंचेगी, जहां पूरे विधि विधान से विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकत्र्ताओं एवं आमजन की मौजूदगी में बहादुरगढ में अस्थि कलश ग्रहण करेंगे। 

इसके बाद एक अस्थि कलश यात्रा बहादुरगढ से खरखौदा (सोनीपत) से पानीपत, करनाल, इंद्री, लाडवा, यमुनानगर होते हुए हथिनीकुंड तक पहुंचेगी, जबकि दूसरी कलश यात्रा बहादुरगढ़ से रोहतक, जींद, कैथल होते हुए पेहोवा जाएगी। इस यात्रा में एक रूट पर खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा दूसरे रूट पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला अस्थि कलश लेकर निकलेंगे और 23 अगस्त को निर्धारित तर्पण स्थलों पर अस्थियों का विसर्जन पूरे विधि विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान गांव, शहरों में आमजन, सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि अलग-अलग स्थानों पर जननायक के प्रति अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को रोहतक में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। सोनीपत होते हुए यमुनागनर जाने वाली यात्रा की निगरानी की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल तथा रोहतक होते हुए पेहोवा जाने वाली यात्रा की निगरानी की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी निभाएंगे।
Share This News

0 comments: