Thursday 21 June 2018

योग हमारी भारतीय संस्कृति की प्राचीनतम पहचान : कृष्णपाल गुर्जर


फरीदाबाद, 21 जून।  स्थानीय खेल परिसर के फुटबाल ग्राउण्ड में आज चतुर्थ  अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस योग दिवस का शुभारम्भ केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दीप प्रज्जवलित करके किया। 

योगाचार्य जयपाल शास्त्री व उनके साथियों द्वारा योगासन करवाए गए। इस दौरान लगभग 3000 स्कूली छात्र-छात्राओं व युवाओं ने योगासन किए। 

श्री गुर्जर ने बताया कि आज पूरे देश में ही नही अपितु विश्व के अनेकों देशों ने इसे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र में रखे गए प्रस्ताव को 177 देशों ने अत्यन्त सीमित समय में पारित कर 21 जून 2015 को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। आज 21 जून सबसे लम्बा दिवस है। आज के दिन विश्व भर में योग की गतिविधियां हो रही हैं। भारत की प्राचीन पद्धति का दुनिया अनुसरण कर रही है। जो भारत के लिए गर्व की बात है। 

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि योग हमारी भारतीय संस्कृति की प्राचीनतम पहचान है। योग धर्म, आस्था और अन्धविश्वास से परे एक सीधा विज्ञान है। जीवन जीने की कला भी योग ही है। योग शब्द के दो अर्थ हैं और दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। पहला है जोड़ और दूसरा है समाधि। जब तक हम स्वयं से नहीं जुड़ते समाधि तक पहुंचना कठिन होगा अर्थात जीवन में सफलता की समाधि पर परचम लहराने के लिए तन-मन और आत्मा का स्वस्थ होना अति आवश्यक है और यह मार्ग और भी सुगम हो सकता है यदि हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बना लें। योग हमारे शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। योग के माध्यम से आत्म सन्तुष्टि, शांति और ऊर्जावान चेतना की अनुभूति प्राप्त होती है। जिससे हमारा जीवन तनावमुक्त तथा हर दिन सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ता है। 

इस अवसर पर उनके साथ बड़खल विधानसभा क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा, पृथला विधायक टेक चन्द शर्मा, जिला परिषद के चेयरमैन विनोद चैधरी, मेयर सुमन बाला, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, उपायुक्त फरीदाबाद अतुल कुमार द्विवेदी, अतिरिक्त उपायुक्त जितेन्द्र दहिया, नगराधीश बलीना, एसडीएम फरीदाबाद सतबीर मान, सम्पदा अधिकारी हुडा अमरदीप जैन व योगाचार्य जयपाल शास्त्री प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
Share This News

0 comments: