पलवल:19 जून(National24news) केन्द्रीय राज्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल में 01 करोड़ 60 लाख रूपये की सिटी स्कैन मशीन का रिबन काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन की सुविधा बीपीएल, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, सरकारी कर्मचारियों व उनके आश्रितों, पैंशनरों के लिए नि:शुल्क रहेगी। केन्दीय मंत्री ने नागरिक अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई व व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जच्चा-बच्चा वार्ड, नर्सरी, ऑपरेशन थियेटर, आपतकालीन सेवाएं आदि का अवलोकन कर मरीजों से बातचीत की।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा पलवल के सौजन्य से नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती रोगियों को दोपहर का भोजन नि:शुल्क दिया जाएगा। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज बतौर मुख्य अतिथि नागरिक अस्पताल की कैंटीन का भी रिबन काटकर उदघाटन किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदित्य स्वरूप गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीर सिंह सहरावत, निगरानी समिति के चेयरमैन मुकेश सिंगला, मार्किट कमेटी पलवल के चेयरमैन रणबीर सिंह मनोज, जिला महामंत्री पवन अग्रवाल, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष हेमचंद मंगला, प्रांतीय अध्यक्ष एस.एन. बंसल, उपाध्यक्ष हरीश मंगला, प्रांतिय महासचिव अनिल मंगला, जिला सचिव ब्रज मोहन, सतपाल डागर, नरवीर डागर मुख्य रूप से मौजूद थे।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि भारत विकास परिषद द्वारा मरीजों को नि:शुल्क दोपहर का भोजन दिया जाएगा। नर सेवा ही नारायण सेवा है। भूखे को खाना खिलाना और प्यासे को पानी पिलाना हमारे देश की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद पिछले कई सालों से देश में इस तरह के सेवाभाव के सामाजिक कार्यों को करने में जुटी हुई है। श्री गुर्जर ने अन्त में भारत विकास परिषद के लगातार सेवा कार्यों के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में दीपक मंगला ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा एक पुण्य का काम नागरिक अस्पताल में शुरू किया गया है। इस कार्य में सभी मिलकर अपना पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने कहा कि हम सब मानव सेवा के कार्यों में कदम से कदम मिलाकर साथ चलेगें।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष हेमचंद मंगला ने लोगों के समक्ष अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा गुरूग्राम के नागरिक अस्पताल में भर्ती मरीजों को तीनों वक्त का भोजन नि:शुल्क करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का लक्ष्य हरियाणा प्रदेश के प्रत्येक जिले में कार्यरत नागरिक अस्पतालों में इस सुविधा का लाभ मरीजों को दिया जाए। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन यह खाना नागरिक अस्पताल की रसोई में तैयार किया जाएगा और नागरिक अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी द्वारा ही निरीक्षण करने के उपरांत नागरिक अस्पताल के मरीजों को वितरित किया जाएगा। इस खाने का पूरा खर्चा भारत विकास परिषद वहन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में 121 शाखाएं कार्य कर रही हैं।
0 comments: