Saturday 24 June 2017

आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार मना रही संतों-महापुरुषों की जयंतियां: राजीव जैन


सोनीपत, 24 जून(National24news) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने संत शिरोमणि कबीर साहेब के 619वें प्रकटोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा में पिछले एक सप्ताह से संत कबीर की जयंती मनाई जा रही है। पहली बार हरियाणा सरकार ने सभी संतों-महापुरुषों की जयंतियां मनाने की ओर कदम बढ़ाया है ताकि आपसी भाईचारे को मजबूती व बढ़ावा मिले। 

    भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शनिवार को कालूपुर स्थित संत कबीर भवन में आयोजित प्रकटोत्सव दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन सतगुरु कबीर समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में किया गया। जैन ने कहा कि संत-महापुरुष भारतीय समाज के मार्गदर्शक, प्रेरणास्त्रोत व धरोहर हैं। संतों की शिक्षा व संदेश सदैव पथप्रदर्शक होते हैं। संत कबीर ने मानव जाति को मानवता की राह दिखाई, जिसका अनुसरण नई पीढ़ी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहने चाहिए, जिससे की नई पीढ़ी को अपने संतों-महापुरुषों के विषय में जानकारी मिल सके। 

    भाजपा नेता जैन ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में संतवाणी एवं उनके संदेशों का अनुसरण अवश्य करना चाहिए। तनावमुक्त जीवन के लिए परमपिता परमात्मा का स्मरण बेहद जरूरी है। भारत में संतों-महापुरुषों का खजाना भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज को सही दिशा में अग्रसर करने के लिए संतों का अनुसरण आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को विशेषतौर पर लड़कियों को शिक्षा अवश्य दिलायें। किसी भी समाज को उन्नति के पथ पर बढ़ाने के लिए शिक्षा अति आवश्यक है। 

    इस मौके पर भक्त फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां की कुलपति डा. आशा कादयान,  महामंडलेश्वर कृष्णानंद, रामानंद महाराज, महंत कल्याणदेव, महंत सोमप्रकाश, गीतानंद महाराज, आनंद सागर, ईश्वर इंदौरा, फतह सिंह आदि मौजूद थे। 
Share This News

0 comments: