Sunday, 1 February 2026

फरीदाबाद में स्वच्छता पर सख्ती: मुख्यमंत्री हरियाणा के अतिरिक्त प्रधान सचिव के निरीक्षण के बाद बड़ी कार्रवाई,चार कर्मचारी निलंबित



*- लापरवाही पर नगर निगम के 4 कर्मचारी सस्पेंड*


फरीदाबाद, 1 फरवरी। मुख्यमंत्री हरियाणा के अतिरिक्त प्रधान सचिव साकेत कुमार ने आज फरीदाबाद शहर का दौरा कर मुख्य सड़कों, ड्रेनेज सिस्टम तथा साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, उपायुक्त आयुष सिन्हा तथा संयुक्त आयुक्त जितेंद्र जोशी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था, जल निकासी की स्थिति तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहनता से अवलोकन किया। अतिरिक्त प्रधान सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

निरीक्षण महारानी अवंती बाई लोधी चौक से प्रारंभ होकर एनआईटी-2 व एनआईटी-3 के आंतरिक क्षेत्रों, प्याली चौक से हार्डवेयर चौक, मेट्रो रोड, शहीद भगत सिंह मार्ग, फरीदाबाद-गुड़गांव रोड, बड़खल गांव क्षेत्र होते हुए अंखिर चौक से सूरजकुंड तक किया गया। 

निरीक्षण में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर, जाम नालियां, सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट्स से कचरे का न उठाया जाना, सड़क किनारे गंदगी, गोबर व जैविक कचरे का जमाव, जलभराव, रात्रि यांत्रिक सफाई न होना तथा हरित पट्टियों के रखरखाव में भारी लापरवाही पाई गई। इस पर गंभीर संज्ञान लेते हुए आयुक्त एवं सचिव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने तत्काल सफाई व्यवस्था बहाल करने, 48 घंटे के भीतर कचरा उठान सुनिश्चित करने, संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी ठेकेदारों पर अनुबंध शर्तों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। 

*फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, चार कर्मचारी निलंबित*

निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर लापरवाहियों के मद्देनज़र नगर निगम फरीदाबाद के चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जारी आदेशों के अनुसार सहायक सफाई निरीक्षक (एएसआई) सुशील, सफाई दरोगा गुरचरण, सफाई दरोगा रंगलाल तथा सफाई कर्मचारी वीरेंद्र सिंह को उनके कार्यक्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की घोर अनदेखी और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है। ये कर्मचारी क्रमशः वार्ड नंबर 20, बड़खल गांव, एनआईटी-3 क्षेत्र तथा लखानी हजारी प्वाइंट क्षेत्र में तैनात थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी निरीक्षण के दौरान दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Share This News

0 comments: