Wednesday 18 July 2018

एसवाईएल की आड में इनेलो को जिंदा करने के प्रयास विफल : सुभाष बराला प्रदेशाध्यक्ष


चंडीगढ, 18 जुलाई- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि एसवाईएल की आड में इनेलो को राजनीतिक जिंदा करने का प्रयास अब दम तोड चुका है। उन्होंने कहा कि जनता ने पहले इनेलो के एसवाईएल खुदाई, सडक रोकने और अब जेल भरो आंदोलन अभियान को ठेंगा दिखा दिया है। यही कारण है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मंडी के एक शैड में 4-5 हजार की क्षमता में 35 से 40 हजार लोगों की भीड बताकर झूठी सहानुभूति बटोरना चाहती है, जो उनकी बौखलाहट को भी दर्शाता है। 

आज यहां इनेलो के जेल भरो आंदोलन अभियान के समापन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर प्रदेश की भोली-भाली जनता विशेषकर किसानों को सबसे ज्यादा धोखा देने का काम इनेलो द्वारा किया गया है। एसवाईएल पर नवंबर 2017 में निर्णय आने के बाद फरवरी में इनेलो ने एसवाईएल खुदाई का आह्वान कर सडक खोदने की नौटंकी की थी। बस रोको अभियान के माध्यम से न केवल आमजन को परेशान किया गया, अपितु लोगों के साथ दुव्र्यवहार भी किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जेल भरो आंदोलन के बहाने एसवाईएल की आड में अपनी राजनीति को जिंदा करने की कोशिश कर रही इनेलो अब चारो खाने चित्त हुई है। बसपा की बैसाखियों का सहारा लेने के बाद भी इनेलो को झूठ के सहारे जनता में सहानुभूति बटोरने पर मजबूर होना पड रहा है। जब इनेलो को लगा कि बसपा का सहारा लेने के बाद भी उनके कार्यक्रम में भीड नहीं आ रही तो उन्होंने झूठे आंकडे पेश कर जनता को बहकाने की कोशिश की। उनका यह प्रयास दिखाता है कि झूठ-फरेब इन लोगों के मन से बाहर नहीं निकला है। अलग-अलग जिलों में पहुंचे इनेलो-बसपाईयों की भीड जहां एक शैड के नीचे सिमटी थी, जबकि वह 10 गुणा भीड बता रहे अपनी पीठ थपथपाने की कोशिश कर रहे थे। पहले 11 जिलों में कार्यक्रम फ्लाप रहा तो अगले कार्यक्रम में योजनाबद्ध ढंग से कम भीड को बढा चढाकर बताने के लिए मंच से ऐलान करना शुरू किया कि इतने हजार व्यक्ति गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं, ताकि मीडिया में कम संख्या भी ज्यादा छप सके। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि इनेलो प्रदेश भर से अपने समर्थकों को हर कार्यक्रम में ढोने के बाद भी झूठ बोलती रही। मंडी में एक शैड में मौजूद लोगों को इनेलो वाले 10 हजार से लेकर 35 हजार तक लोगों को इकट्ठा करने का दावा कर रहे हैं, जबकि एक शैड में इतने लोगों के बैठने की क्षमता नहीं होती। आज इनेलो का खुद से भी भरोसा उठ गया।
Share This News

0 comments: