Friday 4 August 2017

8 माह से बेरोजगार हुडा कर्मचारियों ने मांगी कटोरा लेकर भीख


फरीदाबाद : 4 अगस्त (National24news)  हुडा से स्थानांतरित होकर नगर निगम में आए सफाई कर्मचारियों ने आज निगम मुख्यालय बीके चौक से नीलम चौक पर हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगते हुए जोरदार प्रदर्शन करते हुए नौकरी बहाली की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारी कर्मचारी निगम मुख्यालय पहुंचे जहां कर्मचारियों ने निगमायुक्त के कार्यालय का घेराव किया। लगातार 95वें दिनों से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी ने सरकार के हर दरवाजे पर गुहार लगाई है लेकिन हर तरफ से निराशा हाथ लगी। 

निराश कर्मचारियों द्वारा विगत 2 अगस्त को अर्ध नग्न प्रदर्शन करने के बाद भी तब प्रशासन की आंखें नहीं खुली तो आज कर्मचारी हाथों में कटोरा लेकर सडक़ों पर भीख मांगने निकल पड़े। जिस पर नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा के नेताओं से बातचीत कर हुडा के 160 सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी पर लेने के आदेश दिए। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने चेतावनी दी है कि यदि निगम प्रशासन ने हुडा के सफाई कर्मचारियों को 7 अगस्त तक ड्यूटी पर नहीं लिया तो नगर निगम मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हो जायेगी।

संघ व निगम प्रशासन के बीच हुई वार्ता में निगमायुक्त सोनल गोयल के अलावा संयुक्त-आयुक्त एनआईटी मुकेश सोलंकी, प्रस्थापना अधिकारी विजय कुमार तथा संघ की ओर से प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, राज्य सचिव सुनील चिन्डालिया, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान अशोक कुमार, रोडवेज के नेता रविन्द्र नागर, बिजली विभाग से करतार सिंह, पर्यटन के नेता सुभाष शर्मा, नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला सचिव नानकचंद खैरालिया, वरिष्ठ उपप्रधान गुरचरण खाण्डिया शामिल थे।

हुडा सफाई कर्मचारियों को आज फिर लगभग एक दर्जन यूनियनों, बिजली विभाग, वन विभाग, मैकेनिकल वर्कर्स, सफाई कर्मचारी यूनियन, सीवरमैन यूनियन, वाटर सप्लाई यूनियन ने भी पुरजोर समर्थन करते हुए हुडा सफाई कर्मचारियों के आन्दोलन में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने का आह्वान किया।

इस प्रदर्शन में सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर, सुदेश कुमार, चतर सिंह, महेश शर्मा, का. सतबीर, वीरेन्द्र, बृजवती, कमला, सुमित, अशोक, राजकुमार, डेजी, कमला, कविता आदि ने भी भाग लिया।  

Share This News

0 comments: