फरीदाबाद ; 8 जून (National24news) नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्यव्यापी झाडू प्रदर्शन के तहत नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारियों ने हाथ में झाडू लेकर बीके चौक से नीलम चौक तक जोरदार झाडू प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारी हरियाणा सरकार से सातवें वेतन आयोग का लाभ देने, वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वायदों का पूरा करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ईपीएफ व ईएसआई को राशि खातों में जमा करने, ठेकाप्रथा समाप्त करने, समान काम-समान वेतन की नीति लागू करने व संघ द्वारा दिए गए 18 सूत्रीय मांग पत्र का समाधान करने की मांग कर रहे थे।
अब ये कर्मचारी 11 जून को करनाल में होने वाली राज्य स्तरीय आक्रोश रैली के लिए करनाल को हजारों की संख्या में कूच करेगें। आज के झाडू प्रदर्शन का नेतृत्व नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य नरेश कुमार शास्त्री, राज्य सचिव सुनील कुमार चिन्डालिया, जिला सचिव नानकचंद खैरालिया, वरिष्ठ उपप्रधान गुरचरण खाण्डिया, सफाई कर्मचारी यूनियन प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर, सचिव सोमपाल झिझोटिया, वरिष्ठ उपप्रधान श्रीनंद ढकोलिया, कैशियर सुदेश कुमार, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान रामकिशोर त्यागी, महेश शर्मा, सीवर यूनियन के प्रधान सुभाष फेंटमार, जितेन्द्र छाबड़ा ने किया।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने कहा कि प्रदेश की सरकार पालिकाओं के गरीब कर्मचारियों का शोषण कर रही है। वहीं सरकार स्वच्छता अभियान के नाम पर स्वच्छता कर्मियों को जमकर शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की पालिकाओं का कर्मचारी सरकार की इस बेरूखी को बर्दाश्त नहीं करेगा और 11 जून को करनाल की रैली कर सरकार के खिलाफ आरपार की संघर्ष का ऐलान करेगा।
0 comments: