फरीदाबाद:15मई(National24news.com) एनआईटी विधानसभा क्षेत्र का पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक ने बेड़ा गर्क कर दिया है। क्षेत्र में जगह-जगह समस्याओं के अम्बार लगे हुए हैं। भीषण गर्मी में लोग बिजली, पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं सड़कों पर सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है, जिसके चलते लोग महामारियों का शिकार हो रहे हैं। उक्त वक्तव्य कांग्रेस के ओबीसी विभाग के चेयरमैन राकेश भड़ाना ने आज डबुआ-गाजीपुर रोड़ पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहे। श्री भड़ाना ने पूर्व मंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में जितना फण्ड सरकार ने उनको विकास कार्यों के लिए दिया, उसका एक तिहाई भी क्षेत्र के विकास पर खर्च नहीं किया गया, वरना आज एनआईटी विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर ही कुछ और होती।
उन्होंने केवल और केवल अपने परिवार का विकास किया, जिसका परिणाम रहा कि जनता ने उनका तिरस्कार किया। जिस प्रकार से आज लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, शायद उन्हें आज इन समस्याओं के लिए धक्के नहीं खाने पड़ते। उन्होंने कहा कि यही हाल कुछ मौजूदा विधायक का है, जो वर्तमान भाजपा सरकार के पाले में जा बैठे हैं और भाजपा नेताओं एवं मुख्यमंत्री को खुश करने में लगे हैं, उन्हें क्षेत्र के लोगों की कतई भी चिंता नहीं है। वर्तमान विधायक ने क्षेत्र में लगभग डेढ़ साल पूर्व मुख्यमंत्री की रैली की थी, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री अनेकों विकास परियोजनाओं की घोषणा करके गए थे, मगर आज तक उनमें से किसी एक योजना पर भी काम शुरू नहीं हो पाया है। आज डबुआ, गाजीपुर, नंगला, पर्वतीय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी आदि क्षेत्रों में मूलभूत समस्याओं के चलते लोग त्राहि-त्राहि करने को मजबूर हैं,
मगर वर्तमान विधायक पर इनका कोई प्रभाव नहीं पडऩे वाला। वो केवल और केवल भाजपा पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नेताओं को खुश करने में लगे हैं। इस मौके पर ओबीसी चेयरमैन राकेश भड़ाना ने कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र उनका गृह क्षेत्र है और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के लिए वो प्रशासन एवं सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। इसके लिए चाहे उनको जो भी करना पड़े, वो लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। इस मौके पर उनके साथ सतीश चंदीला, जीतू खारी, प्रसन्नजीत, सतबीर तौमर, महेश्वरी, विधि त्यागी, पंडित जी, कन्हैया मिश्रा, विजय गाजीपुर, अमित भड़ाना, आहूजा, ओमबीर भड़ाना, दीपक खारी, जसबीर खारी, मुकेश गोयल, जेडी, धीरज मास्टर, मनीष शर्मा आदि मौजूद थे।
0 comments: