Thursday, 13 September 2018

हरियाणा सरकार ने बल्लभगढ़ मैट्रो स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा नाहर सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की : मनोहर लाल


चंडीगढ़, 14 सितम्बर- हरियाणा सरकार ने बल्लभगढ़ मैट्रो स्टेशन का नाम अमर शहीद राजा नाहर सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की है।

 इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज एलान किया। हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने यह मांग की थी। इस सम्बन्ध में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को पत्र भी लिखा था और दिल्ली मैट्रो के प्रमुख श्री मंगू सिंह से मुलाकात करके उनसे भी सहयोग मांगा था। कैप्टन अभिमन्यु ने एमआईई मैट्रो स्टेशन का नाम पंडित श्री राम शर्मा, सिटी पार्क मैट्रो स्टेशन का नाम ब्रिगेडियर होशियार सिंह मैट्रो स्टेशन और एमसीबी कालोनी स्टेशन का नाम सूरदास सिही मैट्रो स्टेशन रखने पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का आभार जताया है। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को जुलाई, 2018 में भेजे गये पत्र में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा था कि हरियाणा की महान धरा पर समय-समय पर ऐसे राष्ट्रभक्तों, शूरवीरों और रणबांकुरों ने जन्म लिया, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक की आहूति दे दी। अंग्रेजों के विरुद्ध हुई 1857 की क्रान्ति में भी हमारे वीरों ने बढ़-चढक़र भाग लिया था। 1857 में भारत माता की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों में बल्लभगढ़ के नरेश राजा नाहर सिंह जी का बलिदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। 

उनका पूरा जीवन संघर्ष, साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की कहानी है। राजा नाहर सिंह के जीवन से कई पीढिय़ों ने प्रेरणा ली है और भविष्य में भी उनका जीवन हमारी आने वाली पीढिय़ों को प्रेरित करता रहेगा। आजादी के मतवाले शहीद राजा नाहर सिंह का नाम इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि पूरे बल्लभगढ़ क्षेत्र की जनता यह चाहती थी कि इस मैट्रो स्टेशन का नाम राजा नाहर सिंह मैट्रो स्टेशन रखकर महान शहीद को सम्मान प्रदान करते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिये एक प्रेरणा का केंद्र बनाया जाए। कैप्टन अभिमन्यु ने वहां के गणमान्य व्यक्तियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा उन्हें भेजे गये सभी आग्रह पत्र भी मुख्यमंत्री को प्रेषित किये थे। 
Share This News

0 comments: