फरीदाबाद 24 मई(National24news.com) नगर निगम में व्याप्त महाभ्रष्टाचार और अनियमितताओं को रोकने और पूर्व में हुए घोटालों की सी.बी.आई. जांच की मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर अनशनकारी बाबा रामकेवल, पदमश्री डा.ब्रहमदत्त और निगम अधिकारी रतन लाल रोहिल्ला के द्वारा किया जा रहा सत्याग्रह आज आठवें दिन भी जारी रहा। भ्रष्टाचार विरोधी मंच के तत्वाव्धन में चल रहे सत्याग्रह को अन्य के इलावा जाने-माने आर.टी.आई. एक्टिविस्ट वरूण श्योकंद, समाज सेवी डा. आलोकदीप, धीरज हिन्दुस्तानी, राजेश शर्मा, रामफल जांगड़ा, दिनेश सी.एम.रावत, कर्मी नेता रमेश कुमार जागलान, शाहाबीर खान, सुरजीत नागर, नेत्रपाल शर्मा, बनारसी राठी, महेश गुप्ता, रामबिहारी यादव, रण सिंह भड़ाना, धीर सिंह, राममेहर सिंह, सुमेर सिंह और पंडित बनारसी दास,सत्याग्रह स्थल पर भ्रष्टाचार के विरोध में जारी संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इधर भ्रष्टाचार के विरोध में जारी इस संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए भ्रष्टाचार का मामला उजागर करने पर सीमा सुरक्षा बल से बर्खास्त किये गये फौजी तेज बहादुर यादव आगामी 28 मई को सत्याग्रह स्थल पर पहुंच कर अपना संबोधन देंगे।
मंच ने मांग की है कि भ्रष्टाचार के जो मामले पहले ही उजागर किये जा चुके हैं तथा जो भविष्य में उजागर होने जा रहे हैं, उन सभी पर आवश्यक कार्यवाही के लिए विशेष जांच दल का गठन किया जाए, जिसमें न्यायिक अधिकारी, समाज सेवी, प्रशासनिक अधिकारी व प्रख्यात विशेषज्ञ सम्मिलित किये जाएं तथा उनकी रिपोर्ट पर उचित कार्यवाही की जाए।
मंच की ओर से फरीदाबादवासियों को जारी अपील में कहा गया है कि फरीदाबाद कीे नागरिक मूलभूत सुविधाओं में सुधार लाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है कि फरीदाबाद नगर निगम से भ्रष्टाचार को समाप्त करना होगा। फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी की स्वीकृति मिलने पर हजारों करोड़ो रूपया भारत सरकार से मिलेगा। यदि शहर के नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं लड़े तो निगम का भ्रष्ट तंत्र इस हजारों करोड़ों रूपये के बड़े हिस्से को डकार जायेगा। आन्दोलनकारी, अनेक प्रख्यात सामाजिक संस्थायें, संघर्षशील समाजसेवी, भ्रष्टाचार को खत्म करने के इच्छुक नागरिक और फरीदाबाद नगर निगम में काम करने वाले सभी छोटे कर्मचारी व छोटे अधिकारी भी चाहते हैं कि नगर निगम के सिस्टम में सुधार हो। यहां का सिस्टम पारदर्शितापूर्ण हो, जिससे कि अनियमतितताओं की गुंजाईश ही समाप्त हो जाए। इसलिए आज और भी आवश्यक हो गया है कि सभी का सहयोग मिले, जिससे कि फरीदाबाद में एक ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया जा सके और इसे सफल किया जा सके।
मंच ने सभी शहरवासियों, सामाजिक संस्थाओं, जनसंगठनों, मजदूर व कर्मचारी संगठनों, जिला बार एसोसिएशन, व्यापार मंडलों, व्यापारियों, बुद्धिजीवियों, प्रिंट व इलैक्टोनिक मीडिया के लोकतंत्र के प्रहरियों, छात्र संगठनों, महिला संगठनों, धार्मिक संगठनों, और भ्रष्टाचार से त्रस्त हरेक व्यक्ति से समर्थन व सहयोग की अपेक्षा करते हुए भ्रष्टाचार विरोधी मंच की ओर से मेरा यह आह्वान व अपील है कि निगम मुख्यालय पर चल रहे सत्याग्रह कार्यक्रम (हररोज प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक) में नियमित तौर से अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें।
0 comments: