Saturday, 20 May 2017

कूड़ा चुनकर आजीविका चलाने वालों को स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ा जाएगा : कविता जैन


सोनीपत,20 मई (National24news.com)  शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि शहर में कूड़ा चुनकर अपनी आजीविका चलने वालों को स्वच्छ भारत अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा सभी का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा और दस्तानों सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण भी मुहैया करवाए जाएंगे। यह कार्यक्रम पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किया जाएगा। श्रीमती जैन शनिवार को नगर निगम कार्यालय में शहर के सभी कूड़ा बीनकर आजीविका कमाने वालों की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। 

 जैन ने कहा कि कूड़ा बीनकर अपनी आजीविका चलाने वाले यह लोग शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करते हैं, क्योंकि कोई भी कूड़ा खराब नहीं होता। अगर हम उसे अलग-अलग करके बेचे तो यह आय का एक साधन हो सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के आभाव में यह लोग बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में इन्हें नगर निगम द्वारा दस्ताने और सुरक्षा उपकरण दिए जाएंगे। इसके साथ ही निगम की प्रत्येक गाड़ी के साथ दो लोगों को जोड़ा जाएगा ताकि वह गाड़ी में पहुंचने वाले कूड़े को लेकर उसमें से प्रयोग की चीजों को बेचकर अपनी आजीविका चला सकें। 

   उन्होंने कहा कि अगर हमारा शहर साफ होगा तो बीमारियों से दूर रहेंगे। बीमारियां कम होंगी तो काम की शक्ति बढ़ेगी और काम की शक्ति बढ़ेगी तो आमदनी बढ़ेगी और आमदनी बढ़ेगी तो जीवन स्तर उपर उठेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत की है और पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पूरे देशभर में मनाया जाएगा। 

 इस दौरान उन्होंने शहरों को खुले में शौच से मुक्त करने का आह्वान किया और कहा कि हम सभी को प्रण लेना है कि हम खुले में शौच जाने की बजाए शौचालयों का प्रयोग करेंगे। 

 इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने कहा कि हम सभी को आज यह प्रण लेना है कि अपने शहर को स्वच्छ किया जाएगा और यह कार्य हम सभी को मिलकर करना है। उन्होंने कहा कि पांच जून तक शहर के प्रत्येक कूड़ा बीनने वाले महिला या पुरुष का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में डेढ़ लाख घर हैं और प्रत्येक घर के कूड़े को अलग-अलग इकट्ठा कर इसे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट केंद्र तक भिजवाया जाएगा। मीटिंंग में नगर निगम के ईओ मनोज मेहरा, एसई ठाकुर लाल शर्मा भी उपस्थित थे। 

Share This News

0 comments: